गर्मी के दिनों में त्वचा और बालों की देखरेख करने के टिप्स

गर्मी के दिनों में त्वचा और बालों की देखरेख करने के कुछ टिप्स

WrittenBy

Written By: Mousumi Dutta | Updated : January 4, 2017 7:08 PM IST

गर्मी के मौसम के दस्तक देते ही सबसे पहले त्वचा और बाल को उसके ताप के असर से बचाना ज़रूरी होता है। तेज धूप से त्वचा का ग्लो खोने लगता है साथ ही त्वचा संबंधी और समस्याएं भी उत्पन्न होने लगती हैंं, जैसे-  चकते पड़ना, धूप से त्वचा का झुलसना व पपड़ी उतरना आदि। त्वचा विशेषज्ञों की सलाह है कि ऐसे में रोजाना क्लींजिंग, टोनिंग और मॉश्चराइजिंग के साथ ही पोषक आहार लेना भी जरूरी है। त्वचा की देखरेख के साथ बालों की देखरेख करना ज़रूरी होता है क्योंकि गर्मी के धूप और ताप का दुष्प्रभाव बालों को भी झेलना पड़ता है। मेडिकल सर्विसेज एवं आरएंडबी की उपाध्यक्ष एवं काया स्किन क्लीनिक की प्रमुख डॉक्टर संगीता वेलासकर ने इस मौसम में अपने सौन्दर्य की देखभाल करने के कुछ सुझाव या टिप्स दिए हैं-

  • धूप से बचाव :बाहर जाने से पहले सनस्क्रिनलगाना न भूलें। ऐसे सनस्क्रिन का चुनाव करें जो आपकी त्वचा को सूर्य की हानिकारक किरणों से बचाए। भारतीय त्वचा के हिसाब से 30 एसपीएफ वाला सनस्क्रिन सर्वश्रेष्ठ है। घर से बाहर निकलने से 20 से 30 मिनट पहले सन स्क्रिन लगाएं और हर एक-दो घंटे के अंतराल में सनस्क्रिन लगाते रहें। क्योंकि सूर्य की हनािकारक किरणों के कारण टैन की समस्या होने के साथ-साथ मुहांसे, असमय झुर्रियाँ, दाग-धब्बों की समस्या होनी शुरू हो जाती है। सिर्फ चेहरे पर नहीं पूरे शरीर पर सनस्क्रिन लगायें। सनल्गास या धूप का चश्मा पहनने से आँखों की भी रक्षा होती है।

  • रोजाना की सफाई भी जरूरी : दिन में दो बार चेहरे को ज़रूर धोयें। त्वचा को रोगमुक्त रखने के लिए रोजाना दो बार क्लींजिंग, टोनिंग व मॉश्चराइजिंग करने की आदत डालें। लेकिन ऑयल फ्री मॉश्चराइज़र का इस्तेमाल करें। गर्मी के दिनों में सफाई के साथ टोनर का इस्तेमाल करना भी ज़रूरी होता है क्योंकि त्वचा को ठंडक मिलती है और रोमछिद्र भी बंद होते हैं। लेकिन अपने स्किन टाइप के अनुसार टोनर का चुनाव करें। घर में आसानी से मिलने वाला गुलाबजल भी एक अच्छा टोनर है।

  • स्क्रबर का इस्तेमाल : गर्मी के मौसम में त्वचा को एक्स्फोलिएट (exfoliate) करना बहुत ज़रूरी होता है।  इससे त्वचा के डेड सेल्स निकल जाते हैं और रक्त का संचार अच्छी तरह से हो पाता है।रूखी-सूखी, बेजान त्वचा को निखारने के लिए स्क्रब करना जरूरी है। स्क्रब करने से मृत एवं पुरानी त्वचा कोशिकाएं हट जाती हैं। इसके लिए आप घर पर भी स्क्रबर बना सकते हैं- एक कटोरी में चार-पाँच छोटे चम्मच बेसन, एक चुटकी हल्दी, छह से सात बूंद गुलाबजल और ज़रूरत के अनुसार दूध या दही डालकर पैक को बना लें। इस पैक से त्वचा को धीरे-धीरे स्क्रब करें। सूखने के बाद पानी से धो लें। और धोने के बाद मॉश्चराइज़र लगा लें।  कोहनी और घुटनों से डेड सेल्स निकलाने के लिए एक-एक दिन छोड़कर उन पर चीनी के साथ नींबू की फांक को हल्के हाथों से रगड़ें।

  • बालों की देखभाल : त्वचा के साथ बालों की देखरेख करने की भी ज़रूरत होती है। क्योंकि गर्मी में सूर्य के किरणों का प्रभाव बालों पर भी पड़ता है और  उसकी नमी खो जाती है। ऐसे में किसी भी तरह के केमिकल और हेयरस्टाइल बनाने वाले उपकरणों  जैसे- ब्लो ड्राई या आयरनिंग के इस्तेमाल से बचना चाहिए। जल्दी-जल्दी शैंपू का इस्तेमाल करने से बालों की चमक व नमी खो जाती है।क्योंकि रोज शैंपू करने से स्कैल्प का नैचरल ऑयल कम होने की संभावना होती है।  इसके लिए माइल्ड शैंपू व कंडीशनर का ही इस्तेमाल करना चाहिए। अगर बाल बेजान लग रहे हैं तो एलोवेरा जेल, पानी और एवोकैडो  ऑयल को एक साथ मिलाकर बालों में लगायें इससे बालों में एक अलग ही चमक आ जाती है। नारियल के दूधसे स्कैल्प में मसाज करने से बाल रेशम की तरह मुलायम बन जाते हैं।

  • खुशहाल पैर :  साधारणतः लोग पैरों की देखरेख करना भूल जाते हैं। दिन के दौरान सनस्क्रिन और शाम में हल्के मॉश्चराइजर का इस्तेमाल करना न भूलें।

  • पौष्टिक खानपान :  इस मौसम में संतुलित आहार के साथ पर्याप्त मात्रा में  पानी पीना चाहिए। इसके साथ खाना हल्का और पोषक होना चाहिए। अपनी त्वचा को हाईड्रेट रखने के लिए ताजे फल व हरी सब्जियां खाएं। अपने खाने में खीरा, ककड़ी, करेला, पालक, तरबूज, संतरा, चेरी, प्लम और लीची जैसी सब्जियों व फलों को शामिल ज़रूर शामिल करें। गर्मी के मौसम में शरीर की पाचन क्रिया थोड़ी कमजोर होती है, इसलिए हमेशा अपने डायट का ख्याल रखना चाहिए क्योंकि इसका सीधा प्रभाव आपके सौन्दर्य और स्वास्थ्य पर पड़ता है।

स्रोत: IANS Hindi

चित्र स्रोत: Getty images


हिन्दी के और आर्टिकल्स पढ़ने के लिए हमारा हिन्दी सेक्शन देखिए।लेटेस्ट अप्डेट्स के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो कीजिए।स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के लिए न्यूजलेटर पर साइन-अप कीजिए।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source