
Also Read
Hair fall after pregnancy: प्रेगनेंसी के बाद महिलाओं के शरीर में कई तरह के बदलाव होते हैं। बच्चे के जन्म के बाद कई महिलाओं को हेयर फॉल की समस्या होती है। बालों का झड़ना एक नेचुरल प्रक्रिया है और कंघी करते समय या शैम्पू करते समय लोगों के कुछ बाल टूटकर गिर जाते हैं। आमतौर पर एक व्यक्ति के 80 से 100 बाल हर प्रतिदिन झड़ते हैं लेकिन प्रेगनेंसी के बाद अचानक से महिलाओं के बाल इससे कहीं अधिक संख्या में गिरने लगते हैं। गर्भावस्था के बाद होने वाला यह हेयर फॉल शरीर में हार्मोन्स के लेवल में होनेवाले उतार-चढ़ाव के कारण होता है।
आशा आयुर्वेदा की डायरेक्टर और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ चंचल शर्मा ने इस विषय में बताया कि मेडिकल भाषा में इसे पोस्टपार्टम टेलोजेन एफ्लूवियम कहा जाता है। यह प्रेगनेंसी के दौरान और उसके बाद दिखने वाले सामान्य लक्षण हैं जो प्रायः सभी महिलाओं में होता है। जब कोई महिला प्रेगनेंट होती है तब उसके शरीर में एस्ट्रोजेन और प्रोजेस्टेरोन की मात्रा सामान्य से बहुत ज्यादा बढ़ जाती है, इसी कारण प्रेगनेंसी के शुरूआती चरण (early stage of pregnancy) में उनके बालों की चमक बढ़ जाती है। लेकिन जैसे ही महिला बच्चे को जन्म देती है उसके शरीर में एस्ट्रोजन का स्तर कम होने लगता है। एस्ट्रोजन का लेवल कम होने के कारण महिलाओं के बाल झड़ने शुरू हो जाते हैं जिसकी वजह से महिलाएं परेशान रहने लगती हैं। लेकिन यहां आपको एक बात समझनी होगी कि ये सारे बदलाव कुछ महीनों तक ही रहते हैं फिर धीरे धीरे आपकी स्थिति सामान्य होने लगती है।
झड़ते हुए बालों की समस्या को कम करने के लिए आप आयुर्वेदिक तेलों का प्रयोग कर सकते हैं। जैसे ब्राह्मी, भृंगराज *Bhringraj) और आंवला के तेलों (Amla oil) से अगर आप अपने सिर की नियमित मालिश करते हैं तो ब्लड सर्कुलेशन सही रहता है और बालों का झड़ना भी बंद हो जाता है।
यदि आप प्रेगनेंसी के बाद अपनी डाइट में अश्वगंधा (Ashwagandha), शतावरी और त्रिफला (Triphala) जैसी आयुर्वेदिक औषधियों को शामिल करते हैं तो आपके बालों का झड़ना रूक सकता है। ये ऐसी जड़ी बूटियां हैं जो आपके शरीर में मौजूद सभी हार्मोन्स को संतुलित रखने में सहायता कर सकती हैं और हेयर फॉल जैसी समस्याओं से आराम दिलाती हैं।
अगर आप झड़ते हुए बालों से परेशान हैं तो एक बार अपने शैम्पू और कंडीशनर की तरफ नजर दौड़ाएं अगर उसमे सल्फेट और पैराबेंस जैसे तत्व हैं तो उसका प्रयोग ना करें। यह आपके बालों के लिए हानिकारक हो सकता है। इसकी जगह आप कम केमिकल्स वाले शैम्पू का प्रयोग करें।
बालों को मजबूती प्रदान करने के लिए उन्हें अच्छे पोषण की जरूरत होती है। गहराई तक पोषण देने के लिए आप हर्बल हेयर मास्क का प्रयोग कर सकती हैं। मेथी दाने, आंवला, शिकाकाई जैसी जड़ी बूटियों से आप घर पर हर्बल हेयर मास्क तैयार करें और बालों में लगाएं।
इन सबके साथ अपनी डाइट पर भी ध्यान दें। डॉ चंचल शर्मा कहती हैं कि प्रेगनेंसी के बाद बालों का झड़ना एक सामान्य सी बात है और यह कुछ दिनों में ठीक भी हो जाती है इसलिए घबराएं नहीं बल्कि पौष्टिक आहार की मदद से शरीर की न्यूट्रिशन की जरूरत पूरी करें।
Disclaimer : प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।