कच्चे दूध में मिलाकर लगाएं ये 4 चीजें, चांद सा निखर जाएगा आपका चेहरा

Raw Milk For Skin: स्किन को ग्लोइंग बनाने के लिए कच्चे दूध का इस्तेमाल किया जा सकता है। जानें, कच्चे दूध में क्या मिलाकर चेहरे पर लगाएं?

WrittenBy

Written By: priya mishra | Updated : September 4, 2023 6:38 PM IST

Raw Milk For Skin:  दूध सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है। दूध में विटामिन ए, विटामिन-डी, कैल्शियम, प्रोटीन, फॉस्फोरस और मैग्नीशियम जैसे कई पोषक तत्व मौजूद होते हैं। यही वजह है कि दूध को कंप्लीट फूड यानी संपूर्ण आहार कहा जाता है। हेल्थ एक्सपर्ट्स भी बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सबको रोजाना एक गिलास दूध पीने की सलाह देते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि दूध त्वचा के लिए भी काफी लाभकारी होता है? दादी-नानी के जमाने से त्वचा पर निखार लाने के लिए कच्चे दूध का इस्तेमाल किया जाता रहा है। चेहरे पर कच्चा दूध लगाने से स्किन संबंधी कई समस्याओं से छुटकारा मिल सकता है। कच्चा दूध त्वचा की टैनिंग (Tan removal home remedies) को कम करता है और रंगत को निखारता है। अगर आप कच्चे दूध में हल्दी, बेसन और शहद जैसी चीजों को मिलाकर लगाएंगे, तो त्वचा मुलायम और चमकदार बनेगी। तो आइए, जानते हैं चेहरे पर कच्चा दूध कैसे लगाना चाहिए? -

कच्चा दूध और मुल्तानी मिट्टी

आप कच्चे दूध को मुल्तानी मिट्टी के साथ मिलाकर चेहरे पर लगा सकते हैं। इसके लिए आप एक कटोरी में 2 चम्मच कच्चा दूध लें। इसमें एक चम्मच मुल्तानी मिट्टी डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। अब इसे अपने चेहरे और गर्दन पर लगाएं। करीब 15 मिनट बाद चेहरे को पानी से धो लें। इससे चेहरे के मुंहासे और दाग-धब्बे दूर होंगे। साथ ही, त्वचा फ्रेश और ग्लोइंग नजर आएगी।

कच्चा दूध और हल्दी

कच्चा दूध और हल्दी, दोनों त्वचा के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं। इन दोनों का एक साथ इस्तेमाल करने से त्वचा की रंगत निखरती है। साथ ही, झुर्रियों और दाग-धब्बों से भी छुटकारा मिल सकता है। इसके लिए आप एक कटोरी में 2-3 चम्मच कच्चा दूध लें। इसमें एक चुटकी हल्दी डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। अब इसे अपने चेहरे पर लगाएं और 10 मिनट के लिए छोड़ दें। उसके बाद चेहरे को पानी से धो लें।

कच्चा दूध और शहद

अगर टैनिंग के कारण आपकी स्किन पर सांवलापन आ गया है, तो आप कच्चे दूध को शहद के साथ मिलाकर चेहरे पर लगा सकते हैं। इसके लिए आप एक कटोरी में 2-3 चम्मच कच्चा दूध लें। इसमें एक चम्मच शहद डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। अब इसे अपने चेहरे पर लगाकर सर्कुलर मोशन में मसाज करें। करीब 10 मिनट बाद चेहरे को पानी से धो लें। दूध और शहद का कॉन्बिनेशन त्वचा में निखार लाता है। इसके इस्तेमाल से त्वचा मुलायम और चमकदार बनती है।

कच्चा दूध और बेसन

आप चाहें तो कच्चे दूध को बेसन के साथ मिलाकर भी चेहरे पर लगा सकते हैं। इसके लिए आप एक कटोरी में 2 चम्मच दूध लें। इसमें एक चम्मच बेसन डालकर मिक्स कर लें। अब इसे अपने चेहरे पर लगाएं और करीब 10 मिनट के लिए छोड़ दें। उसके बाद चेहरे को पानी से वॉश कर लें। इससे मुहांसों और झुर्रियों की समस्या से छुटकारा मिलेगा। साथ ही, त्वचा की रंगत में भी सुधार होगा।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source