
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Updated : May 13, 2024 12:57 PM IST
Lemon For Hyperpigmentation: चेहरे पर पिगमेंटेशन यानी झाइयां आपकी खूबसूरती पर दाग लगाने का काम करती हैं। यह एक आम स्किन प्रॉब्लम है, जिससे काफी लोग परेशान रहते हैं। झाइयां होने का मुख्य कारण शरीर में मेलानिन का स्तर बढ़ने है। हालांकि, प्रदूषण, धूप, हार्मोनल बदलाव, प्रेग्नेंसी और तनाव के कारण भी यह समस्या हो सकती है। झाइयां होने पर त्वचा पर काले धब्बे नजर आने लगते हैं, जिसकी वजह से आपकी खूबसूरती प्रभावित होती है। झाइयों से छुटकारा पाने के लोग तरह-तरह के स्किन केयर और ब्यूटी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन ये प्रोडक्ट्स हर किसी की स्किन को सूट नहीं करते हैं। ऐसे में, आप चाहें तो कुछ नैचुरल उपायों की मदद से झाइयों की समस्या से छुटकारा पा सकते हैं। इन नैचुरल उपायों में नींबू भी शामिल है। जी हां, नींबू में साइट्रिक एसिड मौजूद होता है जो दाग धब्बों और झाइयों को दूर करने में मदद करता है। इसके इस्तेमाल से त्वचा की रंगत में भी सुधार होता है। तो आइए, जानते हैं झाइयां हटाने के लिए नींबू का इस्तेमाल कैसे करें (How To Use Lemon For Pigmentation In Hindi)?
चेहरे से जिद्दी झाइयों को हटाने के लिए आप नींबू के रस का इस्तेमाल सकते हैं। हालांकि, ध्यान रखें कि कभी भी चेहरे पर नींबू का रस सीधे तौर पर अप्लाई नहीं करना चाहिए। इससे आपकी स्किन में जलन और खुजली की समस्या हो सकती है। इसका इस्तेमाल करने के लिए आप एक चम्मच नींबू के रस में दो चम्मच पानी या गुलाब जल मिलाएं। उसके बाद कॉटन की मदद से इसे अपने चेहरे पर लगाएं। करीब 10 मिनट बाद चेहरे को पानी से धो लें। रोजाना इसका इस्तेमाल करने से धीरे-धीरे झाईयां कम हो सकती हैं।
नींबू और शहद का मिश्रण झाइयों को हटाने में काफी असरदार हो सकता है। इससे आपकी स्किन का निखार बढ़ेगा। साथ ही, ऑयली स्किन से भी छुटकारा मिलेगा। इसके लिए आप एक कटोरी में एक चम्मच शहद लें। इसमें आधा चम्मच नींबू का रस डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब इस मिश्रण को अपने चेहरे पर लगाएं और करीब 10 मिनट के लिए रखें। उसके बाद पानी से चेहरा धो लें। बेहतर रिजल्ट के लिए सप्ताह में 2-3 बार इसका प्रयोग करें।
झाइयों से छुटकारा पाने के लिए आप नींबू और एलोवेरा का इस्तेमाल कर सकते हैं। एलोवेरा में एंटी-बैक्टीरियल और एंटीऑक्सीडेंट गुण होते हैं, जो मुंहासों, दाग-धब्बों और झाइयों की समस्या को दूर करने में मदद करते हैं। इसके लिए आप एक कटोरी में दो चम्मच एलोवेरा जेल लें। इसमें एक चम्मच नींबू का रस मिलाएं और अच्छी तरह मिक्स कर लें। अब इस पेस्ट को अपने चेहरे पर लगाएं और करीब 10 मिनट बाद धो लें। बेहतर रिजल्ट के लिए आप सप्ताह में 2-3 बार इसका इस्तेमाल कर सकते हैं।
Disclaimer: चेहरे की झाइयां मिटाने के लिए नींबू काफी असरदार साबित हो सकता है। हालांकि, अगर आपकी स्किन सेंसिटिव है, तो इस्तेमाल करने से पहले एक बार पैच टेस्ट जरूर कर लें।