फेफड़ों के कोने-कोने में जमी गंदगी को साफ कर देंगी ये 5 आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियां, दूर होंगी सांस से जुड़ी समस्याएं

Ayurvedic Herbs To Clean Lungs: फेफड़ों में जमा गंदगीको को साफ करने के लिए कुछ आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियां कारगर साबित हो सकती हैं। जानें इनके बारे में।

WrittenBy

Written By: priya mishra | Updated : September 25, 2024 1:50 PM IST

WrittenBy

Medically Verified By:

Ayurvedic Herbs To Clean Lungs: फेफड़े हमारे शरीर के महत्वपूर्ण अंगों में से एक हैं। ये हमारे द्वारा ली जाने वाली सांस को फिल्टर करने और पूरे शरीर में ऑक्सीजन सप्लाई करने का काम करते हैं। ऐसे में, स्वस्थ रहने के लिए फेफड़ों को स्वस्थ रखना बहुत जरूरी है। लेकिन आजकल के बढ़ते प्रदूषण, धूल, गलत खानपान और खराब जीवनशैली का फेफड़ों के स्वास्थ्य पर काफी बुरा असर पड़ता है, जिससे फेफड़े कमजोर हो जाते है। इसके कारण अस्थमा, ब्रोंकाइटिस और निमोनिया जैसी बीमारियों का खतरा काफी बढ़ जाता है। लगातार दूषित हवा में सांस लेने से फेफड़ों में कफ और गंदगी जमा होने लगती है, जिससे सांस लेने में परेशानी, जलन, सीने में दर्द और सिरदर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं। फेफड़ों को स्वस्थ रखने के लिए आपको अपने खानपान और जीवनशैली में सुधार करना करना चाहिए। इसके अलावा, फेफड़ों में जमा गंदगी बाहर निकालने के लिए कुछ आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों का सेवन भी फायदेमंद हो सकता है। आइए, आयुर्वेद एक्सपर्ट डॉ रितु चड्ढा से जानते हैं कुछ ऐसी आयुर्वेदिक हर्ब्स के बारे में, जो फेफड़ों को साफ रखने में मददगार हो सकती हैं -

त्रिफला

त्रिफला तीन फलों आमलकी, विभीतकी और हरीतकी से मिलकर बनता है। आयुर्वेद में इसका इस्तेमाल कई बीमारियों के इलाज के लिए किया जाता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स, एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं, जो फेफड़ों की गंदगी को साफ करने में मदद करते हैं। साथ ही, फेफड़ों को संक्रमण से सुरक्षित रखने में मदद करते हैं। इसके नियमित सेवन से सांस संबंधी समस्याओं से राहत मिल सकती है। इसके लिए आप एक चम्मच त्रिफला पाउडर का सेवन एक गिलास गर्म पानी के साथ कर सकते हैं।

तुलसी

तुलसी सेहत के लिए बहुत उपयोगी और श्वसन प्रणाली के लिए बहुत लाभदायक औषधी है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट, एंटी-वायरल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण मौजूद होते हैं, जो फेफड़ों को स्वस्थ रखने मदद करते हैं। इसके नियमित सेवन से फेफड़ों की सफाई होती है और फेफड़े मजबूत होते हैं। इसके लिए आप सुबह खाली पेट तुलसी के पत्तों को चबा सकते हैं या इसके अर्क का सेवन कर सकते हैं।

दालचीनी

दालचीनी फेफड़ों के स्वास्थ्य और श्वसनप्रणाली के लिए बेतरीन औषधि है। यह फेफड़ों में जमा विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करती है। इसके लिए आप दालचीनी के काढ़ा का सेवन कर सकते हैं। इसे बनाने के लिए एक गिलास पानी में एक टुकड़ा दालचीनी डालकर अच्छी तरह उबाल लें। फिर इसे छान लें और इसका सेवन करें। इस काढ़े को पीने से फेफड़ों में जमा गंदगी दूर होगी और फेफड़े मजबूत बनेंगे।

पिप्पली

फेफड़ों की सफाई करने के लिए पिप्पली का सेवन बहुत फायदेमंद होता है। इसमें मौजूद औषधीय गुण फेफड़ों से जुड़ी कई गंभीर बीमारियों के इलाज में फायदेमंद होते हैं। गर्म दूध में पिप्पली पाउडर डालकर कुछ दिनों तक पीने से फेफड़ों में जमा विषाक्त पदार्थों साफ करने में मदद मिल सकती है।

हल्दी

हल्दी फेफड़ों की सूजन को कम करने और उसे डिटॉक्स करने में मदद करती है। इसमें शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट्स और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो हानिकारक कणों को नष्ट करते हैं। इसके नियमित सेवन से इम्यूनिटी बूस्ट होती है और फेफड़ों के संचालन में सुधार करने में मदद मिलती है। इसके लिए आप हल्दी के पानी या हल्दी वाले दूध का सेवन कर सकते हैं।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source