
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Updated : December 13, 2023 4:46 PM IST
Ayurvedic Herbs For Detoxification: गलत खानपान, प्रदूषण, धूम्रपान और दवाइयों के सेवन आदि से हमारे शरीर में कई तरह के विषाक्त पदार्थ यानी टॉक्सिंस जमा हो जाते हैं। शरीर में टॉक्सिंस बढ़ने से कई तरह की गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए समय-समय पर बॉडी को डिटॉक्स करना जरूरी है। इससे शरीर में जमा गंदगी बाहर निकल जाती है और आप स्वस्थ रहते हैं। अगर आप अपनी बॉडी को प्राकृतिक रूप से डिटॉक्सिफाई करना चाहते हैं, तो कुछ आयुर्वेदिक हर्ब्स इसमें आपकी मदद कर सकती हैं। ये जड़ी-बूटियां शरीर के हर अंग में जमा गंदगी को बाहर निकालने में मदद करेंगी। आज इस लेख में हम आपको बॉडी को डिटॉक्स करने के लिए कुछ खास आयुर्वेदिक हर्ब्स के बारे में बताने जा रहे हैं।
आयुर्वेद में गिलोय को गुडुची और अमृता भी कहा जाता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-माइक्रोबियल गुण होते हैं, जो बॉडी से टॉक्सिंस को बाहर निकलने में मदद करते हैं। गिलोय का सेवन करने से शरीर की इम्यूनिटी बूस्ट होती है। यह पेट, लिवर और किडनी के कामकाज को भी सुधारने में मदद करती है। इसके नियमित सेवन से कई तरह की बीमारियों से बचाव में मदद मिल सकती है। इसके लिए आप सुबह खाली पेट गिलोय के जूस का सेवन कर सकते हैं।
आयुर्वेद में नीम का इस्तेमाल कई बीमारियों का इलाज करने के लिए किया जाता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स, एंटी-बैक्टीरियल, एंटी-इन्फ्लेमेटरी और एंटी-फंगल गुण मौजूद होते हैं, जो कई बीमारियों को दूर करने में मदद करते हैं। नीम खून को साफ करके त्वचा संबंधी समस्याओं से छुटकारा दिलाती है। साथ ही, पेट और आंतों की गंदगी को बाहर निकलने में मदद करती है। इसके सेवन से शरीर में जमा टॉक्सिंस आसानी से बाहर निकल जाते हैं। आप सुबह खाली पेट 2-3 नीम के पत्ते चबा सकते हैं।
एलोवेरा स्वास्थ्य के लिए काफी फायदेमंद होता है। यह शरीर को डिटॉक्स करने में मदद करता है। साथ ही, पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने में भी मददगार होता है। इसके नियमित सेवन से पेट और आंत में जमा गंदगी मल त्याग के दौरान बाहर निकल जाती है। बॉडी को डिटॉक्स करने के लिए आप सुबह खाली पेट एलोवेरा के जूस का सेवन कर सकते हैं।
शरीर को डिटॉक्स करने के लिए आंवला काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं, जो शरीर में जमा विषाक्त पदार्थों को बाहर निकलने में मदद करते हैं। आंवला खून को प्यूरिफाई करने में भी मदद करता है। इसके सेवन से पेट और त्वचा से जुड़े रोगों से छुटकारा मिल सकता है। शरीर को डिटॉक्स करने के लिए आप आंवले का सेवन जूस या पाउडर के रूप में कर सकते हैं।
कुटकी एक प्राचीन आयुर्वेदिक जड़ी-बूटी है, जिसका इस्तेमाल कई बीमारियों के इलाज के लिए सदियों से किया जा रहा है। यह शरीर में मौजूद टॉक्सिंस को बाहर निकलने में मदद करती है। साथ ही, शरीर में टॉक्सिंस को बनने से भी रोकती है। यह लिवर में जमा गंदगी को साफ करती है और लिवर फंक्शनिंग में भी सुधार करती है।
Disclaimer: The content on TheHealthSite.com is only for informational purposes. It is not at all professional medical advice. Always consult your doctor or a healthcare specialist for any questions regarding your health or a medical condition.