नसों में जमा बैड कोलेस्ट्रॉल को खींचकर बाहर कर देंगी ये 5 आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियां, हार्ट अटैक का खतरा भी होगा कम

Ayurvedic Herbs for High Cholesterol: शरीर में बढ़े हुए कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने के लिए आप कुछ आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों का प्रयोग कर सकते हैं। आइए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से –

WrittenBy

Written By: priya mishra | Updated : January 8, 2025 4:39 PM IST

Cholesterol Kam Karne Ke Upay: आजकल के गलत खानपान और खराब जीवनशैली के कारण हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या लोगों में काफी आम हो गई है। दरअसल, हमारे शरीर में दो तरह के कोलेस्ट्रॉल होता है, पहला गुड कोलेस्ट्रॉल (एचडीएल) और दूसरा बैड कोलेस्ट्रॉल (एलडीएल)। शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ने पर यह नसों में जमा होने लगता है और नसों को ब्लॉक कर सकता है। इसके कारण हार्ट अटैक, स्ट्रोक और कोरोनरी हार्ट डिजीज जैसी कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने के लिए आपको अपने खानपान और जीवनशैली में सुधार करना चाहिए। इसके अलावा, कुछ आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियां भी कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद कर सकती हैं। आइए, आयुर्वेद एक्सपर्ट डॉ रितु चड्ढा से जानते हैं कुछ ऐसी आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों के बारे में, जो बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने में कारगर साबित हो सकती हैं -

त्रिफला

त्रिफला, तीन जड़ी-बूटियों (आंवला, बिभीतकी और हरीतकी) को मिलाकर बनता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में होते हैं, जो लिपिड पेरोक्सीडेशन को रोककर कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में मदद करते हैं। यह पाचन को बढ़ावा देता है और लिवर की कार्यक्षमता को बढ़ता है, जो कोलेस्ट्रॉल चयापचय में मदद करता है।

गुग्गुल

गुग्गुल एक शक्तिशाली आयुर्वेदिक औषधि है। यह बैड कोलेस्ट्रॉल को घटाने के साथ-साथ गुड कोलेस्ट्रॉल (एचडीएल) को बढ़ाने में मदद करता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण मौजूद होते हैं, जो दिल को स्वस्थ रखने में मददगार होते हैं। इसके नियमित सेवन से हृदय रोगों का जोखिम कम हो सकता है।

अर्जुन की छाल

अर्जुन की छाल अपने कार्डियोप्रोटेक्टिव गुणों के लिए जानी जाती है। यह शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में प्रभावी होती है। इसमें मौजूद गुण टोटल कोलेस्ट्रॉल, एलडीएल कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड्स को कम करने में मदद करते हैं। अर्जुन की छाल रक्तचाप को नियंत्रित करने और हृदय स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मददगार होती है।

हल्दी

हल्दी औषधीय गुणों से भरपूर होती है। मुख्य रूप से इसके सक्रिय यौगिक करक्यूमिन में कोलेस्ट्रॉल कम करने वाले गुण होते हैं। यह बैड कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड्स को कम करने में मदद करती है। साथ ही, गुड कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाने में मदद करती है। इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण मौजूद होते हैं, जो शरीर की सूजन को कम करने में मदद कर सकते हैं। इससे दिल से जुड़ी बीमारियों का जोखिम कम हो सकता है।

तुलसी

तुलसी अपने औषधीय गुणों के लिए जानी जाती है। यह लिवर की फैट को चयापचय करने की क्षमता को बढ़ाकर कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में मदद करती है। इसके अलावा, इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण भी मौजूद होते हैं, जो दिल को स्वस्थ रखने और हृदय संबंधी रोगों से बचाने में मददगार होते हैं। इसके लिए आप रोजाना तुलसी की ताजी पत्तियां चबाकर खा सकते हैं या तुलसी की पत्तियों की चाय पी सकते हैं।

Disclaimer: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसल‍िए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए ज‍िम्मेदारी का दावा नहीं करता है।