आपकी सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है 'इम्यूनिटी बूस्टर काढ़ा', काढ़ा पीने से पहले पढ़ें आयुर्वेदिक एक्सपर्ट की ये सलाह

हमने दिल्ली की आयुर्वेदिक एक्सपर्ट डॉक्टर चंचल शर्मा से काढ़ा सेवन करने के तरीकों के बारे में बातचीत की, ​उन्होंने विस्तार से जानकारी दी।

WrittenBy

Written By: Atul Modi | Updated : November 11, 2020 2:31 PM IST

कोरोनावायरस महामारी ने लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति अधिक सावधान कर दिया है। शायद यही वजह है कि हम अब खुद की ज्यादा देखभाल करते हैं। इस महामारी ने ही हमें ये महसूस कराया कि 'इम्यूनिटी' कितनी महत्वपूर्ण है। यही वजह है कि हम इम्यूनिटी बूस्ट करने के घरेलू विकल्पों पर ज्यादा जोर दे रहे हैं। अधिकांश लोग दिन में कई-कई बार काढ़ा पी रहे हैं। मगर, क्या आप जानते हैं, गलत और अधिक मात्रा में काढ़ा पीना सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है।

गलत तरीके से काढ़ा पीने के नुकसान

किसी भी चीज की अधिकता हानिकारक है और यही बात काढ़े के लिए भी लागू होती है। आशा आयुर्वेदा क्लिीनिक की डॉक्‍टर चंचल ने कहा कि बहुत से लोग सोचते हैं कि वे जितना अधिक आयुर्वेदिक पेय पीएंगे या जितना अधिक वे सामग्री उबालेंगे, उतना ही स्वास्थ्य के लिए बेहतर होगा। जबकि ऐसा बिल्कुल भी नहीं है! यदि काढ़े को सही तरीके से नहीं लिया जाता है, तो य​ह कई स्वास्थ्य समस्याओं को जन्म दे सकते हैं।

काढ़ा पीने का सही तरीका क्या है?

बिना किसी साइड-इफ़ेक्ट के अधिकतम स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करने के लिए काढ़ा सेवन करने के नियम हैं। एक्सपर्ट के अनुसार, इम्युनिटी बढ़ाने के लिए काढ़े का सेवन करते समय आपको कुछ चीजें जरूर करनी चाहिए, यहां हम आपको आपके ही सवालों और उनके जवाबों के माध्यम से सही जानकारी दे रहे हैं। जैसे:

1. दिन में कितनी बार काढ़ा पीना चाहिए?

काढ़ा पीने का मतलब यह बिलकुल भी नहीं है कि आप दिन में कई—कई बार काढ़ा पीएं। काढ़ा एक औषधि है जिसे संतुलित मात्रा में लेना ही फ़ायदेमंद होता है अगर आप अलग—अलग सामग्रियों के मिश्रण वाले काढ़े का सेवन करते हैं तो आपको दिन में एक या दो बार सीमित मात्रा में काढ़ा पीना चाहिए।

2. काढ़ा कितनी देर तक उबालना चाहिए?

अगर आप कई औषधियों के मिश्रण से निर्मित काढ़े को बना रहे हैं तो आपको तब तक काढ़े को उबालना है जब तक बर्तन में पानी की मात्रा आधी न हो जाए! जैसे, यदि आप एक ग्लास पानी में काढ़े को उबाल रहे हैं तो पानी को तब तक उबालें जब तक पानी आधा न हो जाए।

काढ़े का सेवन करते समय इन बातों का रखें ध्यान

  • काढ़े का सेवन करते समय कुछ बातों का ध्यान रखना ज़रूरी होता है। जब आप काढ़े का सेवन कर रहे हों तो नियमित रूप से इस फल और सब्ज़ियों का सेवन करते रहे ताकि शरीर का बैलेंस बना रहे। काढ़े को बनाने के लिए प्रयोग की जाने वाली सामग्रियों को संतुलित मात्रा में ही मिक्स करना चाहिए। गर्म और ठंडी तासीर वाली औषधियां समान रूप से होनी चाहिए।
  • कई अच्छी कंपनियां और आयुर्वेदिक एक्सपर्ट भी स्वनिर्मित काढ़े का मिश्रण उपलब्ध करा रहे हैं जिसे लेकर आप काढ़ा बना सकते हैं और उसका सेवन कर सकते है इनका कोई साइड इफेक्ट्स भी नहीं है।
  • काढ़े को रोजाना या लंबे समय तक सेवन करने से बचें। 3 सप्ताह के नियमित सेवन के बाद, 2 सप्ताह का ब्रेक लें और फिर से शुरू करें!
  • अपनी इम्यूनिटी को बढ़ाने के लिए सरल तरीकों का चयन करें। सिर्फ काढ़े पर जोर देने के बजाए, संतुलित आहार लें, रोजाना एक्सरसाइज और योगाभ्यास जरूर करें।
Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source