सर्दियों में सर्दी-जुकाम से बचाती हैं ये जड़ी-बूटियां, इस तरह से करें डाइट में शामिल

सर्दियों में सर्दी-जुकाम, गले की खराश और कई अन्य समस्याओं से छुटकारा पाने के लिए आप कुछ जड़ी-बूटियों का इस्तेमाल कर सकते हैं।

WrittenBy

Written By: Anju Rawat | Updated : December 4, 2025 10:58 AM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr Shrey Sharma

Herbs for Cold Cough: सर्दियों का मौसम बेहद सुहावना होता है। लेकिन, यह मौसम अपने साथ कई बीमारियों को लेकर आता है। इसमें सबसे आम है-सर्दी-जुकाम और खांसी आदि। जी हां, सर्दियों में हर दूसरा व्यक्ति सर्दी-जुकाम और गले की खराश से परेशान रहता है। कई लोगों को तो सर्दियों में अक्सर ही यह समस्या बनी रहती है। ऐसे में अक्सर लोग कफ सिरप या दवाइयों का सेवन करते हैं। लेकिन, आप चाहें तो नेचुरल तरीके यानी जड़ी-बूटियों के सेवन से भी सर्दी-जुकाम और खांसी से राहत पा सकते हैं। तुलसी, मुलेठी जैसी जड़ी-बूटियां औषधीय गुणों से भरपूर होते हैं। इनका सेवन करने से शरीर की इम्यूनिटी बढ़ती है और कई रोगों से छुटकारा दिलाते हैं। आइए, रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल, सिरसा के आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा से जानते हैं सर्दियों में सर्दी-जुकाम से बचने के लिए कौन-सी जड़ी-बूटियां असरदार हैं?

1. मुलेठी

मुलेठी एक आयुर्वेदिक जड़ी-बूटी है, जो सेहत के लिए बेहद जरूरी होती है। मुलेठी कई रोगों के इलाज में भी असरदार होती है। अगर आप सर्दियों में बार-बार होने वाले सर्दी-जुकाम और खांसी से परेशान रहते हैं, तो मुलेठी का उपयोग करना फायदेमंद हो सकता है। मुलेठी गले की खराश और खांसी से भी राहत दिलाता है। अगर गले या फेफड़ों में बलगम जमा है, तो भी मुलेठी का उपयोग किया जा सकता है। आपको बता दें कि मुलेठी में बलगम निकालने वाले गुण होते हैं। इसका काढ़ा बलगम को पतला करता है और बाहर निकालने में मदद करता है।

2. तुलसी

आयुर्वेद में तुलसी को औषधीय गुणों से भरपूर बताया गया है। तुलसी शरीर की इम्युनिटी बढ़ाता है और कई रोगों से बचाता है। इसलिए अगर सर्दियों में आपको सर्दी-जुकाम, खांसी या गले में खराश जैसी समस्याएं रहती हैं, तो अपनी डाइट में तुलसी जरूर शामिल करें। तुलसी खांसी और जुकाम से लड़ने में मदद करता है। दरअसल, तुलसी में एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं, जो संक्रमण से लड़ने में मदद करते हैं। तुलसी बलगम को बाहर निकालने में भी मदद करते हैं। आप तुलसी के पत्तियों का काढ़ा बनाकर दिन में 2 बार पी सकते हैं।

3. पिपली

अगर आपको सर्दियों में सर्दी-जुकाम, गले में खराश या श्वसन तंत्र से जुड़ी कोई अन्य समस्या रहती है, तो पिपली का सेवन जरूर करें। पिपली जुकाम और खांसी से निपटने के लिए एक असरदार जड़ी-बूटी है। इसमें बलगम को बाहर निकालने के गुण होते हैं। इसकी वजह से रोगी आसानी से सांस ले पाता है। पिपली के सेवन से सिरदर्द में भी आराम मिलता है। सर्दी-जुकाम से राहत पाने के लिए आप पिपली का चूर्ण ले सकते हैं। आप इसका सेवन शहद के साथ मिलाकर कर सकते हैं। दिन में 1-2 बार पिपली चूर्ण लेने से खांसी में आराम मिल सकता है।

4. दालचीनी

सर्दियों में सर्दी-जुकाम और गले की खराश ठीक करने के लिए आप दालचीनी का उपयोग कर सकते हैं। दालचीनी में एंटीवायरल गुण होते हैं, जो सर्दी-जुकाम और खांसी से राहत दिलाते हैं। सर्दी-जुकाम से राहत पाने के लिए आप दालचीनी का काढ़ा पी सकते हैं। इसके अलावा, दालचीनी में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण भी होते हैं, जो गले की खराश में आराम दिलाते हैं और सूजन कम करते हैं। दालचीनी की तासीर बेहद गर्म होती है। इसलिए इसका ज्यादा मात्रा में सेवन करने से परहेज करना चाहिए।

5. गिलोय

सर्दियों में सर्दी-जुकाम और खांसी से राहत पाने के लिए आप गिलोय का उपयोग कर सकते हैं। गिलोय को गुडुची भी कहा जाता है। जब किसी व्यक्ति को प्रदूषण, एलर्जी या धूल-मिट्टी की वजह से खांसी होती है तो इस स्थिति में गिलोय बेहद असरदार होता है। अगर आपको सर्दियों में अक्सर ही सर्दी-जुकाम रहता है, तो अपनी विंटर डाइट में गिलोय का काढ़ा जरूर शामिल करें। गिलोय का काढ़ा पीने से आपको कई तरह की बीमारियों से लड़ने में भी मदद मिलेगी।

Disclaimer : प्र‍िय पाठकों यह आर्ट‍िकल केवल सामान्‍य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसल‍िए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए ज‍िम्मेदारी का दावा नहीं करता है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source