Ganesh Chaturthi 2023: गणेश जी की प्रिय दूब घास है सेहत के लिए वरदान, एनीमिया से लेकर पेट की समस्याओं में है फायदेमंद

Durva Grass Benefits: गणेश जी को चढ़ाई जाने वाली दूर्वा घास सेहत को कई लाभ पहुंचा सकती है। आइए, जानते हैं इसके फायदों के बारे में।

WrittenBy

Written By: priya mishra | Published : September 19, 2023 9:09 PM IST

Durva Grass Benefits: दूर्वा या दूब घास भगवान गणेश को अतिप्रिय होती है। हिंदू धर्म में पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए इसका इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि भगवान गणेश को चढ़ाई जाने वाली दूब घास सेहत के लिए भी बहुत लाभकारी होती है? जी हां, दूब घास कई औषधीय गुणों से भरपूर होती है। इसमें विटामिन-ए, विटामिन-स, पोटैशियम, मैग्नीशियम, प्रोटीन, एसिटिक एसिड और एल्कलॉइड जैसे कई पोषक तत्व मौजूद होते हैं। इसके अलावा, इसमें एंटी-माइक्रोबियल, एंटी-वायरल, एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीसेप्टिक गुण भी पाए जाते हैं। आयुर्वेद में इसका इस्तेमाल शरीर की कई समस्याओं के इलाज के लिए किया जाता है। लिवर रोग, यौन रोग और पेट से जुड़े विकारों के उपचार में दूब घास बहुत उपयोगी होती है। आप भी कई बीमारियों में इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। आज इस लेख में हम आपको दूब घास (Durva Or Doob Grass Benefits In Hindi) के कुछ प्रमुख फायदों के बारे में बताएंगे।

इम्यूनिटी बूस्ट करे

दूब घास का इस्तेमाल इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए किया जा सकता है। इसमें एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-वायरल गुण पाए जाते हैं, जो संक्रमण से लड़ने में मदद करते हैं। दूब को पीसकर पानी में मिलाकर पीने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत हो सकती है। इसके नियमित सेवन से आप कई गंभीर बीमारियों की चपेट में आने से बच सकते हैं।

ब्लड शुगर कंट्रोल करे

डायबिटीज रोगियों के लिए दूब घास का सेवन फायदेमंद माना जाता है। दरअसल, दूब घास में हाइपोग्लाइसेमिक प्रभाव पाया जाता है, जो ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित करता है। सुबह खाली पेट दूब के जूस को नीम के जूस के साथ मिलाकर लेने से मधुमेह की समस्या में सुधार हो सकता है।

एनीमिया से बचाए

दूब के जूस को हरा रक्त भी कहा जाता है। इसके नियमित सेवन से एनीमिया की शिकायत दूर हो सकती है। दूब शरीर में लाल रक्त कोशिकाओं को बढ़ाने में मदद करती है। इसके नियमित सेवन से शरीर में हीमोग्लोबिन का स्तर बढ़ता है। यह खून को साफ करने का भी काम करती है।

कब्ज से दिलाए राहत

गलत खानपान के कारण आजकल कब्ज की समस्या काफी आम हो गई है। अगर आप सुबह आसानी से पेट साफ नहीं कर पाते हैं, तो रोज सुबह खाली पेट दूब के रस का सेवन करें। यह शरीर में मौजूद टॉक्सिंस को बाहर निकलने में मदद करता है। इसके नियमित सेवन से मल त्याग में आसानी होती हैं और कब्ज से छुटकारा मिलता है।

त्वचा के लिए लाभकारी

दूब त्वचा के लिए भी बहुत फायदेमंद होती है। इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीसेप्टिक गुण मौजूद होते हैं, जो त्वचा संबंधी कई समस्याओं को दूर करने में प्रभावी होते हैं। त्वचा पर चकत्ते, खुजली, एक्जिमा और सोरायसिस के इलाज में दूब उपयोगी होती है। दूब के रस में चुटकीभर हल्दी पाउडर मिलाकर लगाने से फंगल संक्रमण को ठीक करने में मदद मिलती है।

दूब घास सेहत और त्वचा के लिए कई तरीकों से फायदेमंद होती है। हालांकि, अगर आप किसी गंभीर स्वास्थ्य संबंधी समस्या का सामना कर रहे हैं, तो इसका इस्तेमाल करने से पहले डॉक्टर या हेल्थ एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source