
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Updated : February 23, 2024 9:31 AM IST
Health Benefits Of Mulethi: हमारे आसपास ऐसे कई पेड़-पौधे और जड़ी-बूटियां मौजूद हैं, जो कई बीमारियों को दूर कर सकती हैं। इन्हीं जड़ी-बूटियों में मुलेठी भी शामिल है। आयुर्वेद में मुलेठी का इस्तेमाल औषधि के रूप में सदियों से किया जा रहा है। इसमें कई पोषक तत्व और औषधीय गुण मौजूद होते हैं। इसमें विटामिन्स, कैल्शियम, मैग्नीशियम, आयरन, पोटैशियम, फॉस्फोरस, जिंक और एंटीऑक्सीडेंट जैसे कई पोषक तत्व मौजूद होते हैं। इसके अलावा, इसमें एंटी-माइक्रोबियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण भी पाए जाते है, जो शरीर की कई परेशानियों को दूर करने में मदद करते हैं। आज इस लेख में हम आपको मुलेठी से स्वास्थ्य को होने वाले फायदों और उपयोग के बारे में विस्तार से बताएंगे।
मुलेठी का सेवन करने से शरीर में सूजन की समस्या दूर हो सकती है। दरअसल, इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण मौजूद होते हैं, जो सूजन और दर्द से राहत दिलाने के मदद करते हैं। नियमित रूप से मुलेठी की चाय का सेवन करने से जोड़ों के दर्द को कम करने में भी मदद मिल सकती है।
पाचन संबंधी समस्याओं को दूर करने में मुलेठी का सेवन लाभकारी हो सकता है। यह पाचन तंत्र को मजबूत बनाने में मदद करती है। इसके सेवन से गैस, कब्ज, एसिडिटी और पेट में अल्सर जैसी समस्याओं से राहत मिल सकती है। इसके लिए आप एक चम्मच मुलेठी पाउडर का सेवन एक गिलास गुनगुने पानी के साथ कर सकते हैं।
मुलेठी का सेवन करने से सर्दी-जुकाम जैसी समस्याओं से आराम मिल सकता है। दरअसल, इसमें एंटी-माइक्रोबियल और एंटी-वायरल गुण होते हैं, जो संक्रमण से लड़ने में मदद करते हैं। मुलेठी की चाय या काढ़े का सेवन करने से सूखी खांसी, गले में खराश और सांस संबंधी समस्याओं को दूर किया जा सकता है।
लिवर को स्वस्थ रखने में भी मुलेठी का सेवन लाभकारी हो सकता है। इसमें हेपोप्रोटेक्टिव गुण पाया जाता है, जो लिवर को डैमेज होने से बचाने में मदद कर सकता है। एनसीबीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मुलेठी के अर्क का सेवन करने से फैटी लिवर की समस्या से बचने में मदद मिल सकती है।
मुलेठी में एंटी-माइक्रोबियल और एंटी-बैक्टीरियल गुण मौजूद होते हैं, जो मुंह में बैक्टीरिया के विकास को रोकने में मदद करते हैं। इससे सांसों और मुंह से आने वाली बदबू की समस्या दूर हो सकती है। मुलेठी की जड़ चबाने से दांतों में प्लाक और कैविटी से बचाव होता है। साथ ही, मसूड़े और दांत स्वस्थ रहते हैं।
शरीर में होने वाली कई परेशानियों को दूर करने में मुलेठी फायदेमंद हो सकती है। हालांकि, अगर आप किसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं, तो इसका उपयोग करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।