टूटी हड्डी से लेकर जोड़ों के दर्द का रामबाण इलाज है हरजोड़, एक्सपर्ट से जानें इसके चमत्कारी लाभ

Hadjod Benefits: हड़जोड़ का इस्तेमाल आयुर्वेद में कई बीमारियों का इलाज करने के लिए सदियों से किया जा रहा है। आइए, जानते हैं इसके फायदों के बारे में विस्तार से -

WrittenBy

Written By: priya mishra | Published : February 25, 2025 12:47 PM IST

Health Benefits of Hadjod: आयुर्वेद में ऐसे कई पेड़-पौधे और जड़ी-बूटियां हैं, जिनका इस्तेमाल कई तरह की बीमारियों का इलाज करने के लिए सदियों से किया जा रहा है। ऐसी ही एक जड़ी-बूटी है हड़जोड़, जिसका इस्तेमाल आयुर्वेद में औषधि के रूप में किया जाता है। इसे ‘हरजोड़’ या ‘हड्डी जोड़’ के नाम से भी जाना जाता है। संस्कृत में इसे ‘अस्थि श्रृंखला’ के नाम से भी जाना जाता है। मुख्य रूप से हड़जोड़ को टूटी हुई हड्डियों को जोड़ने और जोड़ों के दर्द से राहत दिलाने के लिए जाना जाता है। इसके अलावा, इसके प्रयोग गठिया, मोच, अल्सर, बवासीर और पेट के विकारों को दूर करने के लिए किया जाता है। आइए, इस लेख में आयुर्वेद एक्सपर्ट डॉ रितु चड्ढा से जानते हैं हड़जोड़ के फायदों के बारे में विस्तार से (Hadjod Ke Fayde) -

हड्डियों को मजबूत बनाए

हड़जोड़ में कैल्शियम और फॉस्फोरस भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं, जो हड्डियों को मजबूत बनाए में मदद करते हैं। इसके नियमित सेवन से हड्डियों की कमजोरी को दूर किया जा सकता है। साथ ही, हड्डियों से जुड़ी बीमारियों के जोखिम को कम करने में भी मदद मिलती है। इसके लिए आप एक चम्मच हड़जोड़ पाउडर को 2 गिलास पानी में उबाल लें। जब पानी आधा रह जाए, तो इसे छानकर सेवन करें।

हड्डियों को जोड़ने में असरदार

आयुर्वेद में हड़जोड़ को हड्डियों को जोड़ने के लिए जाना जाता है। यह हड्डियों को वापस विकसित होने में मदद करता है और उन्हें मजबूत बनाता है। इसके सेवन से टूटी हुई हड्डियों जल्दी जुड़ जाती हैं। इसके लिए एक चम्मच हड़जोड़ पाउडर को दूध के साथ मिलाकर पिएं। दिन में एक से दो बार इसका सेवन करने से आपको काफी लाभ मिल सकता है।

जोड़ों के दर्द और गठिया से राहत दिलाए

हड़जोड़ का सेवन गठिया, जोड़ों के दर्द और सूजन में बहुत लाभकारी माना जाता है। दरअसल, इसमें एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण मौजूद होते हैं, जो जोड़ों के दर्द और सूजन से राहत दिला सकते हैं। इसके लिए आप एक गिलास गुनगुने पानी में एक चम्मच हड़जोड़ पाउडर और आधा चम्मच हल्दी मिलाकर दिन में दो बार सेवन करें। इससे आपको जल्द राहत मिल सकती है।

पाचन संबंधी समस्याओं से छुटकारा दिलाए

पेट से जुड़े विकारों को दूर करने के लिए हड़जोड़ का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके सेवन से गैस, अपच, कब्ज और एसिडिटी जैसी समस्याओं से छुटकारा मिल सकता है। इसके लिए आप 5-10 मिली हड़जोड़ के पत्तों का रस लें। इसमें थोड़ा सा शहद मिलाकर पी जाएं। इससे आपको पेट से जुड़ी समस्याओं से जल्द आराम मिलेगा।

पीरियड्स के दर्द से राहत दिलाए

हड़जोड़ महिलाओं में पीरियड्स के दौरान होने वाले दर्द को कम करने में मदद कर सकता है। इसके नियमित सेवन से पीरियड्स के दौरान होने वाली परेशानियों से राहत मिल सकती है। इसके लिए हड़जोड़ के पत्तों का काढ़ा बनाकर दिन में दो बार पिएं।

Disclaimer: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसल‍िए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए ज‍िम्मेदारी का दावा नहीं करता है।