स्किन को चमकदार बनाने से लेकर शरीर को डिटॉक्स करने तक, ये शानदार काम करती हैं जड़ी-बूटियां

शरीर को अंदर से साफ रखने के लिए आप कई आयुर्वेदिक जड़ी बूटियों का सहारा ले सकते हैं। इन्हें अपनी दिनचर्या में शामिल करना बेहद आसान है।

WrittenBy

Written By: Atul Modi | Updated : December 28, 2023 9:55 PM IST

स्वस्थ और खुशहाल जिंदगी के लिए शरीर को डिटॉक्सीफाई करना जरूरी है। इसके माध्यम से आप शरीर के विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालकर अपने अंगों को साफ रख सकते हैं। इससे आपके शरीर का अंदरूनी सिस्टम दुरुस्त होता है। डिटॉक्सीफिकेशन के माध्यम से आपका यकृत और गुर्दे पूरी क्षमता से काम कर पाते हैं। जिससे ऊर्जा का स्तर बढ़ता है, पाचन तंत्र में सुधार होता है और इम्यूनिटी सिस्टम मजबूत होता है। शरीर को अंदर से साफ रखने के लिए आप कई आयुर्वेदिक जड़ी बूटियों का सहारा ले सकते हैं। इन्हें अपनी दिनचर्या में शामिल करना बेहद आसान है।

नीम दूर भगाएगा कई रोग

नीम आयुर्वेद की महत्वपूर्ण जड़ी बूटी है। इसमें रोगाणुरोधी और सूजन-रोधी गुण होते हैं। यह खून को साफ करने के साथ ही विषाक्त पदार्थों को खत्म कर उन्हें शरीर से बाहर निकालता है। नीम के नियमित सेवन से लीवर सेहतमंद रहता है। इसकी कड़वी पत्तियां पाचन तंत्र को मजबूत करती हैं, जिससे शरीर के अपशिष्ट पदार्थ आसानी से बाहर निकल पाते हैं। यह डायबिटीज के जोखिम को भी कम करता है।

ऐसे करें सेवन : नीम की नई कोमल पत्तियों को चबाकर आप कई रोगों से दूर रह सकते हैं। अगर आपको पत्तियां ज्यादा कड़वी लगती हैं तो आप इन्हें शहद के साथ भी खा सकते हैं। आजकल नीम की गोलियां, जूस और पाउडर भी आसानी से मिल जाता है।

गुडूची है सेहत के लिए गुड

गुडूची एक आयुर्वेदिक जड़ी बूटी है, जो शरीर की प्राकृतिक सफाई प्रक्रियाओं को तेज करने में मदद करती है। यह शरीर को डिटॉक्स करने का महत्वपूर्ण कार्य करती है।हेपेटोप्रोटेक्टिव गुणों से भरपूर गुडुची को लीवर के लिए अमृत माना जाता है। यह लीवर को स्वस्थ रखने के साथ उसके काम को आसान करती है, जिससे शरीर से विषाक्त पदार्थ आसानी से बाहर निकल पाते हैं। इम्यून-माड्यूलेटिंग गुणों के कारण यह इम्यूनिटी बढ़ाती है। इसमें सूजन-रोधी गुण होते हैं। यह किडनी की समग्र सफाई में भी मददगार है।

ऐसे करें सेवन : गुडूची का सेवन आसान है। आप रात में एक गिलास पानी में इसके पत्तों को भिगोएं। सुबह इस पानी को आधा होने तक उबालें और छानकर खाली पेट सेवन करें।

मानसिक सेहत सुधारता है मंजिष्ठा

मंजिष्ठा रक्त को शुद्ध करके आपकी स्किन पर चमक लाती है। यह यकृत और गुर्दे को डिटॉक्स करने का काम करती है। यह यूरिन के माध्यम से विषाक्त पदार्थों को शरीर से बाहर निकाली है। मंजिष्ठा शारीरिक ही नहीं मानसिक सेहत में भी सुधार करती है। शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट होने के कारण इसके सेवन से ऑक्सीडेटिव तनाव कम होता है। यह पाचन तंत्र को मजबूत करता है। ऐसे में इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा जरूर बनाना चाहिए।

ऐसे करें सेवन : आधा चम्मच मंजिष्ठा पाउडर का गर्म पानी के साथ सेवन कर सकते हैं। आप चाहें तो इसमें एक चम्मच शहद भी मिला सकते हैं। पाचन तंत्र सुधारने के लिए आप आधा चम्मच मंजिष्ठा पाउडर को दूध के साथ भी ले सकते हैं।

धनिया है बहुत काम का

धनिया भारतीय रसोई का अभिन्न हिस्सा है। यह स्वाद के साथ सेहत के लिए भी अहम है। शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने के लिए धनिया बहुत ही काम का है। शीतल प्रकृति के कारण यह पित्त दोष दूर करने में मदद करता है। यह आपके पाचन तंत्र को सुचारू रूप से कार्य करने में सहायता देता है। इसके नियमित सेवन से यूरिक एसिड की परेशानी दूर होती है।

ऐसे करें सेवन : एक चम्मच धनिए के बीच को दो कप पानी के साथ उबालें। करीब 5 मिनट बाद आप गैस बंद कर दें। इस पानी को गुनगुना पिएं। सुबह खाली पेट इसका सेवन करना बेहतर रहता है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source

Disclaimer: The content on TheHealthSite.com is only for informational purposes. It is not at all professional medical advice. Always consult your doctor or a healthcare specialist for any questions regarding your health or a medical condition.