मांसपेशियों की ऐंठन और दर्द से राहत पाने के लिए आजमाएं ये 5 आयुर्वेदिक उपाय, तुरंत मिलेगा आराम

Ayurvedic Remedies For Muscle Cramps: मांसपेशियों की ऐंठन से राहत पाने के लिए कुछ आयुर्वेदिक नुस्खे आपके काम आ सकते हैं।

WrittenBy

Written By: priya mishra | Published : August 11, 2023 5:58 PM IST

Ayurvedic Remedies For Muscle Cramps In Hindi: मसल्स क्रैंप्स यानी मांसपेशियों में ऐंठन एक आम समस्या है। ज्यादातर लोग अपने जीवन में कभी न कभी मांसपेशियों में ऐंठन का अनुभव करते हैं। अक्सर रात में सोते समय, चलते या बैठे हुए मांसपेशियों में ऐंठन आ जाती है। दरअसल, कई बार ज्यादा कामकाज के बाद मसल्स रिलैक्स ना हो पाने की वजह से एक या अधिक मसल्स आपस में अचानक से सिकुड़कर कठोर हो जाती हैं। इस स्थिति को मसल्स क्रैंप्स कहा जाता है। इसकी वजह से प्रभावित हिस्सा सख्त हो जाता है और तेज दर्द होने लगता है। कई बार यह दर्द इतना असहनीय हो जाता है कि लोग इससे राहत पाने के लिए पेन किलर्स का सहारा लेते हैं। लेकिन आप चाहें तो मांसपेशियों की ऐंठन और दर्द से राहत पाने के लिए कुछ आयुर्वेदिक उपायों का सहारा ले सकते हैं। आज इस लेख में हम आपको ऐसे ही कुछ आसान उपाय बता रहे हैं -

हल्दी

आयुर्वेद में हल्दी को औषधीय गुणों का खजाना कहा जाता है। हल्दी में एंटीऑक्सीडेंट, एंटी-इंफ्लेमेटरी और एनाल्जेसिक गुण होते हैं, जो मांसपेशियों की ऐंठन को दूर करने में मदद कर सकते हैं। इसके लिए आप एक गिलास गर्म दूध में एक चम्मच हल्दी पाउडर डालकर पिएं। नियमित रूप से इसका सेवन करने से मांसपेशियों को काफी आराम पहुंचेगा।

तिल का तेल

मांसपेशियों की ऐंठन से राहत पाने के लिए आप तिल के तेल से प्रभावित हिस्से की मसाज कर सकते हैं। इससे ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और मांसपेशियों को आराम मिलता है। तिल के तेल में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण मौजूद होते हैं, जो दर्द और सूजन को कम करने में मदद कर सकते हैं। इसके लिए आप तिल के तेल को गर्म कर लें। फिर इसे प्रभावित हिस्से पर लगाकर हल्के हाथों से मालिश करें। आप इस प्रक्रिया को दिन में 2 से 3 बार दोहराएं।

अदरक

मांसपेशियों मे ऐंठन की समस्या से राहत पाने के लिए आप अदरक का इस्तेमाल कर सकते हैं। अदरक में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण मौजूद होते हैं, जो मांसपेशियों की ऐंठन और दर्द को दूर करने में मदद कर सकते हैं। इसके लिए आप एक गिलास पानी में 1 इंच अदरक का टुकड़ा डालकर उबाल लें। फिर से छान लें और इसमें थोड़ा सा शहद मिलाकर पिएं। आप चाहें तो अदरक के तेल से प्रभावित हिस्से की मसाज भी कर सकते हैं।

तुलसी

आयुर्वेद में तुलसी को इसके औषधीय गुणों के लिए जाना जाता है। यह प्राकृतिक तरीके से मांसपेशियों की ऐंठन और दर्द को कम कर सकती है। इसके लिए आप सरसों के तेल में तुलसी का रस मिलाकर प्रभावित हिस्से की मालिश कर सकते हैं। दिन में 2 से 3 बार ऐसा करने से आपको जल्द आराम मिल सकता है।

पोटली मसाज

आयुर्वेद में पोटली मसाज का काफी महत्व है। शरीर के किसी भी हिस्से में दर्द और ऐंठन से राहत पाने के लिए आप पोटली मसाज की मदद ले सकते हैं। इसके लिए एक चम्मच काला जीरा, एक चम्मच अजवाइन और एक चम्मच सेंधा नमक को सूती कपड़े में डालकर पोटली बना लें। इसे तवे पर गर्म करके प्रभावित हिस्से की सिकाई करें। इस प्रक्रिया को रोजाना दिन में 2 बार दोहराने से आपको जल्द आराम मिल सकता है।

मांसपेशियों में ऐंठन और दर्द से राहत पाने के लिए आप इन आयुर्वेदिक उपायों को आजमा सकते हैं। हालांकि, अगर आपकी समस्या कम न हो रही हो, तो डॉक्टर से परामर्श लें।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source