
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Updated : February 19, 2024 7:31 AM IST
Ayurvedic Remedies For Cervical Pain: आजकल डेस्क जॉब की वजह से सर्वाइकल की समस्या लोगों में आम हो गई है। जो लोग लंबे समय तक एक ही जगह पर बैठकर काम करते हैं या घंटों तक लैपटॉप या मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हैं, उनमें यह समस्या ज्यादा देखने को मिलती है। इस बीमारी में गर्दन के आसपास और कंधों में तेज दर्द होता है। कई बार यह दर्द इतना ज्यादा बढ़ जाता है कि व्यक्ति को पेन किलर का सहारा लेना पड़ता है। लेकिन इन दवाओं का ज्यादा सेवन सेहत के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। ऐसे में, सर्वाइकल के दर्द से राहत पाने के लिए आप कुछ आयुर्वेदिक उपाय आजमा सकते हैं। आज इस लेख में हम आपको ऐसे ही कुछ आयुर्वेदिक उपायों के बारे में बता रहे हैं, जो सर्वाइकल के दर्द से छुटकारा दिला सकते हैं।
सर्वाइकल के दर्द से राहत पाने के लिए आप अरंडी के तेल का इस्तेमाल कर सकते हैं। यह मांसपेशियों और हड्डियों को मजबूत बनाने में काफी प्रभावी होता है। इसके लिए आप दिन में दो बार अरंडी के तेल से गर्दन की मालिश करें। ऐसा करने से आपको गर्दन के दर्द और सूजन से राहत मिलेगी।
नीलगिरी के तेल में एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण मौजूद होते हैं, जो दर्द और सूजन से राहत दिलाने में मदद कर सकते हैं। अगर आपको सर्वाइकल का दर्द परेशान कर रहा है, तो नीलगिरी के तेल से गर्दन की मालिश करें। इससे आपको मांसपेशियों के दर्द और जकड़न से जल्द राहत मिल सकती है।
सर्वाइकल के दर्द से राहत दिलाने में लहसुन काफी कारगर साबित हो सकता है। इसमें ऐसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो मांसपेशियों और जोड़ों के दर्द और सूजन को कम करने में मदद कर सकते हैं। इसके लिए आप सुबह खाली पेट 1-2 लहसुन की काली का सेवन कर सकते हैं। इसके अलावा, आप सरसों के तेल में लहसुन को पकाकर इस तेल से गर्दन की मालिश भी कर सकते हैं।
आयुर्वेद में अश्वगंधा का इस्तेमाल कई बीमारियों के इलाज के लिए किया जाता है। इसमें ऐसे कई औषधीय गुण मौजूद होते हैं, जो सर्वाइकल के दर्द से राहत दिलाने में मदद कर सकते हैं। यह सूजन को कम करने में भी मददगार होता है। सर्वाइकल के दर्द से राहत पाने के लिए आप एक गिलास गर्म पानी या दूध के साथ एक चम्मच अश्वगंधा चूर्ण का सेवन कर सकते हैं।
सर्वाइकल के दर्द से राहत पाने के लिए आपको नियमित रूप से योगाभ्यास करना चाहिए। रोजाना योग करने से मांसपेशियां और हड्डियां मजबूत बनती हैं। साथ ही, कई तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से भी आराम मिलता है। हालांकि, अगर आपकी स्थिति गंभीर है, तो किसी भी योगासन को करने से पहले हेल्थ एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।
सर्वाइकल के दर्द से राहत पाने के लिए आप इन आयुर्वेदिक उपाय को आजमा सकते हैं। हालांकि, अगर आपकी समस्या ज्यादा बढ़ रही है, तो ऐसी स्थिति में आपको डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।