
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Updated : February 6, 2024 2:42 PM IST
Ayurvedic Remedies For Frequent Urination: बार-बार पेशाब आने की समस्या से काफी लोग परेशान रहते हैं। इस स्थिति में व्यक्ति को ऐसा महसूस होता है कि उसका ब्लैडर पूरी तरह से खाली नहीं हुआ है। बार-बार पेशाब आने के पीछे कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं। अधिक मात्रा में तरल पदार्थ के सेवन, डायबिटीज, यूरिन इंफेक्शन, किडनी में पथरी, प्रेग्नेंसी और पुरुषों में बढ़े हुए प्रोस्टेट के कारण बार-बार पेशाब आने की समस्या हो सकती है। अगर आप भी इस तरह की समस्या का सामना कर रहे हैं, तो आपको डॉक्टर से उचित परामर्श लेना चाहिए। इसके अलावा, कुछ आयुर्वेदिक उपायों की मदद से भी बार-बार पेशाब आने की समस्या से राहत पाई जा सकती है। आज इस लेख में हम आपको ऐसे ही कुछ आयुर्वेदिक उपाय बताने जा रहे हैं, जो बार-बार पेशाब आने की समस्या से छुटकारा दिला सकते हैं -
आंवले के जूस में विटामिन-सी भरपूर मात्रा में होता है। इसके सेवन से इम्यूनिटी बूस्ट होती हैं, जिससे संक्रमण से बचाव होता है। यह शरीर में मौजूद टॉक्सिंस को भी बाहर निकालने में मदद करता है। बार-बार पेशाब आने की समस्या से छुटकारा पाने के लिए आप एक गिलास पानी में दो चम्मच आंवला जूस डालकर पिएं। नियमित रूप से कुछ दिनों तक सुबह खाली पेट इसका सेवन करने से आपको काफी राहत मिलेगी।
तुलसी औषधीय गुणों से भरपूर होती है। इसमें मौजूद गुण यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन को रोकने में मददगार होते हैं। इसके सेवन से बार-बार पेशाब आने की समस्या से राहत मिल सकती है। इसके लिए आप तुलसी की पत्तियों को पीसकर इसका रस निकाल लें। फिर इसको शहद के साथ मिलाकर इसका सेवन करें।
तिल में मिनरल्स भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं, जो ब्लैडर के कामकाज को सुधारने में मदद करते हैं। बार-बार पेशाब आने की समस्या से छुटकारा पाने के लिए आप तिल को गुड़ के साथ मिलाकर दिन में दो से तीन बार इसका सेवन करें।
यूरिन से जुड़ी परेशानी होने पर दही का सेवन करना चाहिए। दही में प्रोबायोटिक गुण होते हैं, जो यूटीआई की समस्या को ठीक करने में मदद करते हैं। बार-बार पेशाब आने की समस्या में दिन में एक से कटोरी दही का सेवन कर सकते हैं। इससे आपकी परेशानी काफी हद तक कम हो सकती है।
बार-बार पेशाब आने की समस्या को दूर करने के लिए आप रीठा का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए रीठा को रात भर पानी में भिगोकर रख दें। सुबह खाली पेट इस पानी का सेवन करें। एक सप्ताह तक इस पानी का सेवन करने से बार-बार पेशाब आने की समस्या से निजात मिल सकती है।
बार-बार पेशाब आने की समस्या से राहत पाने के लिए आप आयुर्वेदिक उपायों का सहारा ले सकते हैं। हालांकि, अगर आपकी समस्या अधिक बढ़ रही है, तो आपको डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।