
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Updated : December 21, 2023 8:01 AM IST
Kadha For Cold And Cough: सर्दियों के मौसम में कई तरह की बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। सर्दियों में चलने वाली ठंडी हवाओं का सेहत पर काफी बुरा प्रभाव पड़ता है। इसकी वजह से जुकाम, खांसी, बुखार, सिरदर्द और गले में खराश जैसी समस्याएं होने लगती हैं। इन मौसमी बीमारियों से बचने के लिए कई लोग दवाइयों का सेवन करते हैं। लेकिन बार-बार दवा लेने से सेहत को नुकसान पहुंच सकता है। ऐसे में, सर्दी-जुकाम और खांसी को दूर करने के लिए आप घर पर काढ़ा बनाकर पी सकते हैं। काढ़ा एक आयुर्वेदिक घरेलू उपाय है, जो कई जड़ी-बूटियों और मसालों से तैयार किया जाता है। खांसी-जुकाम जैसी परेशानियों के इलाज के लिए इसका इस्तेमाल दादी-नानी के जमाने से होता आ रहा हैं। आज इस लेख में हम आपको घर पर काढ़ा बनाने का तरीका और इसके फायदे बताने जा रहे हैं।
2 कप पानी
एक टुकड़ा अदरक
5-6 तुलसी की पत्तियां
4 लौंग
5-6 काली मिर्च
1 टुकड़ा दालचीनी
1 चम्मच शहद
काढ़ा बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में पानी डालकर गर्म कर लें। अब इसमें तुलसी के पत्तों को डालें। उसके बाद इसमें कद्दूकस किया हुआ अदरक, लौंग, दालचीनी और काली मिर्च को कूटकर डाल दें। इन सभी सामग्रियों को अच्छी तरह मिक्स कर लें। अब इसे 15-20 मिनट तक धीमी आंच पर उबलने दें। उसके बाद गैस बंद कर दें और इसे गिलास में छान लें। उसके बाद आप इसमें थोड़ा सा शहद मिलाकर इसका सेवन करें।
काढ़े में मौजूद आयुर्वेदिक चीजें एंटी-वायरल, एंटीसेप्टिक और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुणों से भरपूर होती हैं, जो सर्दी-जुकाम और खांसी से राहत दिलाने में मददगार हैं। काढ़ा पीने से शरीर की इम्यूनिटी मजबूत होती है, जिससे शरीर संक्रमण से लड़ पाता है। इसमें मौजूद जड़ी-बूटियां शरीर में कफ को कम करने में मदद करती हैं। इसके सेवन से गले की खराश, बुखार और सिरदर्द से भी आराम मिलता है।
सर्दी-जुकाम और खांसी की परेशानी को दूर करने के लिए आप घर पर काढ़ा बनाकर पी सकते हैं। हालांकि, अगर आपकी समस्या ज्यादा बढ़ रही है, तो आपको डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए।
Disclaimer: The content on TheHealthSite.com is only for informational purposes. It is not at all professional medical advice. Always consult your doctor or a healthcare specialist for any questions regarding your health or a medical condition.