Advertisement

Skin Problems: इन खतरनाक बीमारियों का संकेत हो सकते हैं मुंहासे, Dermatologist को दिखाने से पहले इस बारे में जरूर जान लें

Acne causes: चेहरे पर पिंपल आना काफी परेशान कर देने वाली स्थिति हो सकती है और यहां तक कि कई बार इलाज के बाद भी ये ठीक नहीं हो पाते हैं।

Written By Mukesh Sharma
Published : May 1, 2022 5:41 PM IST

सुंदर दिखना किसको पसंद नहीं होता है, हर किसी का सपना होता है कि दूसरे उनकी सुंदरता की तारीफ करें। इसलिए पुरुष व महिलाएं दोनों अपनी स्किन को साफ व सुंदर बनाए रखने के लिए तरह-तरह के कॉस्मेटिक प्रोडक्ट का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन देखा गया है कि त्वचा की तमाम देखभाल रखने के बावजूद भी कई बार स्किन खराब हो जाती है और कई प्रकार के कील-मुंहासे हो जाते हैं। इतना ही नहीं इनमें से कुछ मुंहासे तो इतने जिद्दी होते हैं कि इलाज कराने के बाद भी ठीक नहीं होते हैं और ऐसे में काफी परेशान कर देने वाली स्थितियां पैदा हो जाती हैं। हालांकि, कई बार ऐसा इसलिए होता है क्योंकि कई किसी अन्य बीमारी के कारण त्वचा पर एक्ने (Acne causing disease) होते हैं और जब तक उस अंदरूनी रोग का इलाज न हो पाए तब तक वे ठीक नहीं हो पाते हैं। अमेरिकन एकेडमी और डर्मेटोलॉजी एसोसिएशन (AAD) के अनुसार कई ऐसे रोग हैं, जो एक्ने जैसे लक्षण पैदा कर सकते हैं। चलिए जानते हैं इन बीमारियों के बारे में -

1. पीसीओएस सिंड्रोम

पोलिसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम (PCOS) महिलाओं को होने वाली बीमारी है और जब इसका नाम आता है, तो साथ ही एक्ने का नाम जरूर आता है। कुछ महिलाओं में एक्ने होने का अंदरूनी कारण पीसीओएस ही होता है। अगर किसी महिला को एक्ने के साथ-साथ मासिक धर्म अनियमित होना, मूड स्विंग होना और नींद न आना जैसे लक्षण भी हो रहे हैं, तो उन्हें पीसीओएस के लिए जांच करा लेनी चाहिए।

Advertisement

2. रोजेशिया

रोजेशिया एक स्किन डिजीज है, जिसमें चेहरे पर लालिमा होने का साथ-साथ एक्ने जैसी फुंसियां बनने लग जाती हैं, जो वास्तव में एक्ने नहीं होती हैें। अगर मुंहासे होने के साथ-साथ आपके चेहरे की स्किन काफी सेंसिटिव हो गई है, तो समझ लीजिए यह सिर्फ एक्ने की समस्या नहीं है और इस बारे में आपको डॉक्टर से बात कर लेनी चाहिए।

3. केराटोसिस पिलारिस

अगर आपको लग रहा है कि पिंपल आपके चेहरे के साथ-साथ शरीर के अन्य हिस्सों पर भी निकल रहे हैं, तो सावधान हो जाइए क्योंकि यह कुछ और बीमारी भी हो सकती है। अगर बांह के ऊपरी हिस्सों, जांघों और चेहरे पर पिंपल जैसी फुंसियां बन रही हैं, तो यह केराटोसिस पिलारिस का लक्षण हो सकता है।

Advertisement

4. पेरिओरल डर्मेटाइटिस

अगर आपके एक्ने पूरी चेहरे पर न होकर सिर्फ मुंह व नाक के आस-पास विकसित हो रहे हैं, तो यह पेरिओरल डर्मेटाइटिस का संकेत हो सकता है। इसमें कई बार आंखों के आस-पास भी एक्ने जैसे लक्षण देखने के मिल सकते हैं। अगर आपके चेहरे पर हुए एक्ने में गंभीर रूप से जलन व खुजली हो रही है, तो डॉक्टर से बात कर लें।

5. क्लोरेक्ने

क्लोरेक्ने काफी दुर्लभ त्वचा रोग है, जिसमें ज्यादातर काले रंग के मुंह वाले पिंपल ही दिखाई देते हैं। यह रोग आमतौर पर किसी प्रकार के केमिकल या अन्य विषाक्त पदार्थ के संपर्क में आने के कारण होता है। हालांकि, इसका इलाज पूरी तरह से संभव है, जिसमें एंटीबायोटिक व आइसोट्रेटिनोइन समेत कई दवाओं का इस्तेमाल किया जाता है।

घर पर न करें उपचार

अगर आपको एक्ने के साथ उपरोक्त में से कोई अन्य लक्षण भी हो रहा है, तो इसका इलाज करने की कोशिश न करें और जल्द से जल्द डॉक्टर को दिखाएं। क्योंकि ऊपर बताई कई कुछ ऐसी स्किन डिजीज हैं, जो त्वचा को स्थायी रूप से प्रभावित कर सकती हैं।